अपहृत डेरी संचालक का सुराग नहीं, सड़क पर उतरे परिजन

नवभारतटाइम्स.कॉम

लोनी में डेरी संचालक ओंकार के अपहरण और हत्या की आशंका से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपियों को पनाह देने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पीड़ित का सुराग न मिलने पर परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने बंथला-चिरौड़ी मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

dairy operator onkars kidnapping case heats up in loni family and villagers protest on road

n NBT न्यूज, लोनी

लोनी में डेरी संचालक ओंकार के अपहरण और हत्या की आशंका मामले में पुलिस ने आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया।

वहीं, पीड़ित का सुराग न मिलने पर एसडीआरएफ की टीमें नदी और गहरे नालों में सर्च अभियान चला रही है। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण और परिजन मंगलवार को सड़क पर उतर आए। महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों ने बंथला-चिरौड़ी मार्ग पर जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वारदात के बाद भी पुलिस सिर्फ आश्वासन देती रही, लेकिन अब तक न तो अपहृत ओंकार की बरामदगी हो सकी और न ही मुख्य आरोपी गिरफ्त में आ सके हैं। प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मौके पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पीड़ित परिवार को समझाने का प्रयास किया।

समय के साथ बढ़ रही चिंता

परिवार के लोगों ने कहा कि समय बीतने के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक ओंकार सकुशल वापस नहीं मिल जाते आंदोलन जारी रहेगा। बता दें कि शनिवार सुबह खड़खड़ी रेलवे अंडरपास के पास बदमाशों ने ओंकार को घेरकर फायरिंग की थी। उन्हें जबरन कार में डालकर फरार हो गए थे। 10 टीमें लगी हैं, जल्द होगा खुलासा: डीसीपी सुरेन्द्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस की दस टीमें लगातार काम कर रही हैं। वारदात की साजिश में शामिल तीन लोगों को पुलिस ने सोमवार को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है। इसके अलावा आरोपियों को पनाह देने पर दो महिलाओं को भी पकड़ा गया है। अब आरोपी मोहित की मां मंजू और उसकी ताई संतरेश को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों महिलाओं ने फरार आरोपियों को छिपाने में मदद की थी। सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

रेकमेंडेड खबरें