n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 10 जून से शुरू कर दिया जाएगा। प्राधिकरण ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। शहर के आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों के साथ आसपास के कस्बों को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण रूट दो-तीन दिन में तय कर लिए जाएंगे। इससे आंतरिक सार्वजनिक परिवहन की कमी दूर हो जाएगी। पहले चरण में करीब 12 बसों का संचालन किया जाएगा। परीक्षण के बाद बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। एक अधिकारी के मुताबिक, नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए चार रूट पहले ही तय कर लिए गए हैं। 15 जून से उड़ान शुरू होने पर एयरपोर्ट के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। जब तक एयरपोर्ट से हवाई जहाजों की उड़ान शुरू नहीं होती तब तक ग्रेटर नोएडा के आंतरिक हिस्सों में 12 से अधिक ई-बसें चलाई जाएंगी। किस रूट पर चलाना फायदेमंद रहेगा, इसका निर्धारण अगले 2-3 दिन में तय हो जाएगा। सर्वेक्षण कर यह पता लगाया जाएगा कि किस रूट पर अधिक सवारियां मिलेंगी। ग्रेटर नोएडा के प्रमुख मेट्रो स्टेशन अल्फा-1, डेल्टा-1, परी चौक और डिपो स्टेशन को भी जोड़ा जा सकता है।


