n NBT रिपोर्ट, नोएडा
रजनीगंधा अंडरपास के सामने से सेक्टर-57 तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना पर लगा ब्रेक फिलहाल हट गया है। प्राधिकरण ने इसकी डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह डीपीआर आईआईटी के माध्यम से तैयार कराई जा रही है। इस पर करीब 2.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्राधिकरण ने इसके लिए मंजूरी दे दी है और जल्द ही राशि जारी की जाएगी। नए प्रस्ताव में एलिवेटेड रोड की लंबाई करीब 1.5 किमी बढ़ा दी गई है। अब यह रोड 5.49 किमी लंबी होगी और सेक्टर-3 व सेक्टर-19 के डिवाइडर से शुरू होकर सेक्टर-57 होते हुए सेक्टर-60 तक बनाई जाएगी। परियोजना का डिजाइन आईआईटी रुड़की तैयार करेगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने कंसल्टेंसी फीस के रूप में करीब 2.5 करोड़ रुपये देने का निर्णय लिया है। इसके बनने से दिल्ली से सीधे नोएडा के आईटी हब और औद्योगिक सेक्टरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। सेक्टर-12/22 टी-पॉइंट पर तकनीकी फोकस बढ़ाया जाएगा, क्योंकि इसे परियोजना का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। यहां एलिवेटेड रोड को मोड़ने के लिए विशेष कर्व डिजाइन किया जाएगा। एलिवेटेड रोड के निर्माण पर करीब 700 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। आईआईटी रुड़की 1 महीने के भीतर परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट, डिजाइन और डीपीआर तैयार करेगी। अंतिम लागत का निर्धारण डीपीआर तैयार होने के बाद किया जाएगा। प्रस्तावित एलिवेटेड रोड 6 लेन की होगी।


