n NBT न्यूज़,ग्रेटर नोएडा
पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों को बढावा देने के लिए सरकार अपील कर रही है। इसी के बीच एनपीसीएल ने एक निजी कंपनी के साथ मिलकर ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो की तीन सोसायटियों में जल्द ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि ग्रेनो वेस्ट की निराला एस्पायर व गौड़ सिटी-2 के 16वें एवेन्यू में चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम जारी है। ग्रेनो की सुपरटेक जार सोसायटी में भी जोर-शोर से काम चल रहा है। तीनों स्टेशन पर फास्ट व स्लो चार्जर की सुविधा होगी और एक समय में दो वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा। ग्रेनो वेस्ट व ग्रेटर नोएडा में ईवी की संख्या बढ़ रही है, लेकिन चार्जिंग के साधन सीमित हैं। उन्होंने बताया कि फास्ट चार्जर की क्षमता 60 किलोवॉट और स्लो चार्जर की क्षमता 14 किलोवॉट होगी। फास्ट चार्जर से 45-50 मिनट और स्लो चार्जर से चार-पांच घंटे में बैटरी फुल चार्ज होगी। फास्ट चार्जर का शुल्क 15.75 रुपये प्रति यूनिट और स्लो चार्जर का शुल्क 12.75 रुपये प्रति यूनिट होगा। इसके अलावा उपभोक्ताओं को जीएसटी भी देना होगा।


