n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर के एक स्कूल में 27 छात्राओं के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने हाल ही में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
इससे पहले पीड़ित छात्राओं के धारा-164 के तहत कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए थे। बयान दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी शिक्षक अपनी विभागीय ड्यूटी और घर-दोनों जगह से गायब था। उसने अपनी अनुपस्थिति के संबंध में शिक्षा विभाग को भी कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी थी, जिसके बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर लिया।
शिक्षा विभाग, पुलिस और चाइल्ड वेलफेयर काउंसिल की टीमें पहले से ही जांच में जुटी हैं। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच रिपोर्ट और विभागीय तथ्यों के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


