n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
राजनगर एक्सटेंशन में जल्द ही 300 लोगों की क्षमता वाली हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी बनने जा रही है। शासन से अनुमति के बाद निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस परियोजना पर करीब 7.31 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह डिजिटल लाइब्रेरी राजनगर एक्सटेंशन में बने सीनियर सिटिजन सेंटर की ऊपरी मंजिल पर बनाई जाएगी। बता दें कि सीनियर सिटिजन सेंटर का निर्माण करीब एक साल पहले पूरा हो चुका है, लेकिन लाइब्रेरी का काम शुरू न होने की वजह से यह सेंटर शुरू नहीं हो पाया है। और अब सीनियर सिटिजन सेंटर एक साल और बंद रहेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि डिजिटल सुविधाओं से लैस इस लाइब्रेरी का उद्देश्य विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और अन्य पाठकों को आधुनिक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है। यह लाइब्रेरी पूरी तरह वातानुकूलित होगी। इसका निर्माण जल निगम की संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज की देखरेख में होगा, लेकिन बजट नगर निगम का होगा। एक साल के अंदर यह लाइब्रेरी बनकर तैयार हो जाएगी।


