NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली : व्यापार समझौता लागू करने की राह में ब्रिटेन के नियमों के चलते उठ रहे सवालों के बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को ब्रिटेन के बिजनेस एंड ट्रेड मिनिस्टर पीटर काइली से बातचीत की।
भारत आए काइली से बातचीत के बाद गोयल ने कहा, 'भारत और ब्रिटेन के आर्थिक संबंधों को अगले चरण में ले जाने, साझा कारोबारी प्राथमिकताओं और अपनी मजबूत साझेदारी को और मजबूत करने पर बहुत अच्छी बातचीत हुई।'
यह बातचीत इस मायने में अहम है कि 24 जुलाई 2025 को दोनों देशों ने FTA पर दस्तखत किए थे, लेकिन अभी यह लागू नहीं हो सका है। ब्रिटेन ने अपने स्टील उद्योग को बचाने के नाम पर टैरिफ फ्री स्टील इंपोर्ट का कोटा 1 जुलाई से घटाने की बात कही है और इस कोटे से ऊपर के स्टील आयात पर 50% टैरिफ लगेगा। साथ ही, ब्रिटेन ने 1 जनवरी 2027 से कार्बन बॉर्डर एडजस्टमेंट मैकेनिजम लागू करने की बात की है, जिससे भारत से निर्यात पर आंच आएगी। ये बातें FTA पर दस्तखत के समय नहीं थीं, जिसमें भारत ने ब्रिटेन की स्कॉच ह्विस्की सहित कई चीजों पर आयात शुल्क में भारी छूट दी है।
इस बीच, द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने पर मंगलवार को ही यहां अमेरिका से भी बातचीत शुरू हुई।


