n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में सफर करने वाले लोगों को अभी कुछ और महीनों तक इंतजार करना पड़ेगा। योजना के तहत बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को पूरा करने की समयसीमा (डेडलाइन) एक बार फिर आगे बढ़ा दी गई है। पहले रेलवे प्रशासन की तरफ से जून तक पूरा करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर काम की रफ्तार धीमी होने के कारण अब इसके अक्टूबर तक पूरा होने की बात कही जा रही है। परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मंगलवार को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वे विकास कार्यों की गति और व्यवस्थाओं को टटोलते नजर आए। प्राधिकरण की नई ऑफिस बिल्डिंग के काम की प्रगति देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को तेजी के साथ पूरा करने को कहा। अधिकारियों ने वीसी को जानकारी दी कि नई ऑफिस बिल्डिंग का सिविल वर्क मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद, आगे के चार से पांच महीनों में इसके इंटीरियर (भीतरी सजावट और फिनिशिंग) का काम निपटाया जाएगा।


