n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नेहरू कॉलोनी में धार्मिक स्थलों को हटाने के बाद बनाई गई सड़क के निर्माण में लापरवाही सामने आने पर एफएमडीए ने अपना फैसला बदल दिया है। अब पहले नाले का निर्माण किया जाएगा और उसके बाद सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए मौके पर बड़े पाइप पहुंचा दिए गए हैं और खुदाई का काम भी शुरू कर दिया गया है। नगर निगम ने 29 और 30 मई को क्षेत्र में स्थित दो धार्मिक स्थलों को हटाया था। कार्रवाई के तुरंत बाद मलबा साफ कर एफएमडीए की इंफ्रा-1 विंग ने नाले के ऊपर सड़क का निर्माण कर दिया। हालांकि, नाले में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे निर्माण कार्य में लापरवाही उजागर हुई। सूत्रों के अनुसार, इंफ्रा-2 विंग के अफसरों ने पहले ही आगाह किया था कि सड़क निर्माण से पहले नाले की मरम्मत और निर्माण जरूरी है, लेकिन जल्दबाजी में सड़क तैयार कर दी गई। अब स्थिति स्पष्ट होने के बाद एफएमडीए ने सड़क को दोबारा खोदकर पहले नाला बनाने का निर्णय लिया है। एफएमडीए इंफ्रा-2 के एसडीओ विकास यादव ने बताया कि नाला बनाकर सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए पाइप डलवा दिए गए हैं। खुदाई का काम किया जा रहा है। हालांकि नालों की साफ सफाई का काम किया जा रहा है ताकि बारिश में जलभराव न हो।


