n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
औद्योगिक नगरी में इन दिनों चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के अलग-अलग इलाकों में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहे हैं। पिछले करीब 15 दिनों के भीतर विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की चार बड़ी वारदातें सामने आई हैं।
सूने मकान से एसी, नकदी और जेवर चोरी : पहली घटना बल्लभगढ़ के गांव जाजरू स्थित गढ़्ढा कॉलोनी की है। पीड़िता रेशमा ने सीकरी चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मई को वह बच्चों के साथ मायके गई थीं, जबकि उनके पति काम के सिलसिले में राजस्थान गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर और रसोई का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोर दीवार पर लगा नया एसी, अलमारी में रखे 25 हजार रुपये नकद, करीब दो तोला सोने की चेन, 250 ग्राम चांदी की पाजेब और दो स्पीकर चोरी कर ले गए। जाते-जाते बदमाशों ने घर के सामान में तोड़फोड़ भी की।
दूसरी और सबसे बड़ी वारदात संजय एन्क्लेव पार्ट-1 में सामने आई। पीड़ित अनिल के अनुसार, 26 मई की रात बिजली कटौती के कारण पूरा परिवार घर के मुख्य दरवाजे पर अंदर से कुंडी लगाकर छत पर सोने चला गया था। सुबह नीचे आने पर घर की स्थिति देखकर परिवार के होश उड़ गए। मुख्य द्वार की कुंडी खुली मिली और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। करीब 1.70 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
मंदिर भी नहीं छोड़ा, मूर्तियां और चांदी का सिक्का किया पार : तीसरी घटना थाना सारन क्षेत्र की पर्वतीय कॉलोनी चौकी अंतर्गत नगला एन्क्लेव पार्ट-2 की है। पीड़िता स्वर्णा देवी ने बताया कि 16 मई की रात परिवार घर पर नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोर ताला तोड़कर घर में घुस आए। चोरों ने घर के मंदिर को भी निशाना बनाया और माता रानी की दो मूर्तियां, मूर्ति की नाक में लगी सोने की बाली, लक्ष्मी-गणेश का चांदी का सिक्का तथा अलमारी में रखे गुल्लक से करीब 4 हजार रुपये चोरी कर लिए।
चौथी घटना पर्वतीय काॅलोनी निवासी जुगल किशोर कौशिक 15 मई को अपने मकान में ताला लगाकर किसी निजी काम से जयपुर गए थे। जब वह घर लौटे तो मुख्य गेट सहित अंदर के कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। चोरों ने पूरे घर के सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया और अलमारी में रखीं सोने की दो अंगूठियां चोरी कर लीं।


