n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम-3 प्रॉजेक्ट के बायर्स ने नोएडा अथॉरिटी और बिल्डर पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। बायर्स का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अथॉरिटी बिल्डर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस मुद्दे को लेकर बायर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी की है। वहीं, अथॉरिटी अधिकारियों का कहना है कि बिल्डर-बायर मामलों से जुड़े जो प्रावधान हैं, उन्हीं के तहत अथॉरिटी कार्रवाई कर सकती है। अधिकारियों के अनुसार, हाल ही में बायर्स के साथ अथॉरिटी की बैठक भी हुई थी। जो मुद्दे अथॉरिटी के प्रावधानों के दायरे में आते हैं, उनका समाधान कराया जाएगा।
बायर्स ने नोएडा अथॉरिटी की जीएम प्लानिंग मीना भार्गव और एयरकॉन सिस्टम्स इंडिया प्रा. लि. के बीच मिलीभगत का आरोप लगाया है। मामला परियोजना एंथूरियम-3, सेक्टर-73, नोएडा से जुड़ा है। बायर्स का कहना है कि वे पिछले 6 महीने से नोएडा अथॉरिटी में इस परियोजना से संबंधित शिकायतें कर रहे हैं। आरोप है कि बिल्डर ने खरीदारों के फर्जी हस्ताक्षर कर शपथ-पत्र (एफिडेविट) तैयार किया और उसे नोएडा अथॉरिटी में जमा कर दिया। बायर्स का कहना है कि आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद जीएम प्लानिंग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बायर्स के अनुसार जब वे इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए नोएडा पुलिस के पास गए, तो पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज नहीं की। यह भी आरोप लगाया गया है कि बिल्डर ने फर्जी स्वीकृत नक्शा (सैंक्शन मैप) लगाकर भारतीय स्टेट बैंक से गलत तरीके से ऋण प्राप्त किया है। बायर्स का कहना है कि यदि अथॉरिटी इस मामले में कार्रवाई नहीं करती, तो वे धरने पर बैठेंगे। वहीं, नोएडा अथॉरिटी की जीएम प्लानिंग मीना भार्गव का कहना है कि बायर्स उनसे मिले थे। उनके द्वारा की गई शिकायत की जांच कराई जा रही है और अथॉरिटी के अधीन जो कार्रवाई संभव होगी, वही की जाएगी।


