n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
हज से लौटे यात्रियों ने अमौसी एयरपोर्ट पर लगेज को लेकर मंगलवार को हंगामा किया था। हज यात्रियों ने लगेज से ताला तोड़कर सामान चोरी के भी आरोप लगाए थे। हालांकि, उनका लगेज दूसरी फ्लाइट में था। जो करीब चार घंटे बाद आया। मंगलवार देर रात हज यात्रियों को लगेज देकर भेजा गया। वहीं, दूसरे दिन बुधवार को अमौसी एयरपोर्ट पर यात्रियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इसको लेकर एयरपोर्ट प्रशासन ने कई विशेष सुविधाएं की थीं। हज यात्रियों ने स्वागत की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
अमौसी एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक किसी विमान में यात्रियों की संख्या पूरी होने के साथ लगेज भी होता है। ऐसे में एक निर्धारित वजन क्षमता के साथ ही विमान को रवाना किया जाता है। वापसी में हज यात्रियों के लगेज ज्यादा वजनी थे। ऐसे में निर्णय लिया गया कि दूसरे विमान से लगेज भेजा जाएगा। यह एक एयरलाइन्स कंपनियों का नियम भी है। यही मंगलवार को भी हुआ था। यात्रियों वाले विमान के करीब चार घंटे के बाद लगेज वाला विमान आया।


