कार बनी बार, सड़कों पर जाम छलकाने से बढ़ रहे बवाल

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद में सड़कों पर कार को बार बनाकर शराब पीने का चलन बढ़ रहा है। इससे जाम लगता है और झगड़े होते हैं। पुलिस कार्रवाई कर रही है, लेकिन लोग बाज नहीं आ रहे। इंदिरापुरम और नंदग्राम में ऐसे मामले ज्यादा हैं। पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर जुर्माना लगा रही है।

ghaziabad car becomes bar increasing incidents of traffic jams and commotion on roads

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने का सिलसिला पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी जारी है। शाम को काम से लौटने के दौरान लोग सड़कों किनारे वाहन खड़े कर लेते हैं। इस दौरान कार को बार बना लेते हैं। कहीं-कहीं तो लोग कार के बोनट पर ही बोतलें रखकर शराब पीते हैं। इससे सड़कों पर जाम लग जाता है। वहीं, कई बार नशा इतना अधिक हो जाता है कि लोग एक-दूसरे से झगड़ा कर लेते हैं। इसके बाद मामला पुलिस में पहुंचता है। जानकारी के मुताबिक, 2026 में साढ़े चार महीने में शराब पीकर झगड़ा करने के 4520 मामले मिले हैं। लोगों ने डायल 112 पर शिकायत कर पुलिस को बवाल की सूचना दी।

सबसे ज्यादा मामले इंदिरापुरम और नंदग्राम थाना क्षेत्र में मिले हैं। पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का दावा कर रही है। एक जनवरी 2026 से 15 मई 2026 तक 9885 लोगों के खिलाफ पुलिस ने जुर्माना और चालान की कार्रवाई की। लोग बाज नहीं आ रहे हैं।

पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। थाना पुलिस नियमित चेकिंग करती है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त शराब पीकर झगड़ा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।