n NBT न्यूज, गाजियाबाद : सिहानी गेट निवासी 53 वर्षीय विपिन को 26 मई को पेशाब की नली में दिक्कत के चलते पन्नालाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि सुबह ऑपरेशन होना था, जिससे खाने-पीने से मना कर दिया गया था। इसी दौरान नर्सिंग स्टाफ द्वारा गलत इंजेक्शन लगा दिया गया, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ थाने और सीएमओ कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण मरीज की जान गई, लेकिन शिकायत के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। परिवार का कहना है कि घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन संबंधित अस्पताल या जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


