n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-3 स्थित एक निजी कंपनी पर नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक का दावा है कि कंपनी सोशल मीडिया के जरिए विज्ञापनों से युवाओं को बुलाती है और इंटरव्यू के बाद नौकरी पक्की करने का भरोसा देकर अभ्यर्थियों से 6,600 रुपये जमा करा लेती है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद नौकरी नहीं दी जाती और अभ्यर्थियों को टालमटोल कर परेशान किया जाता है। हालांकि, फेज-1 थाना पुलिस के पास फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। थाना प्रभारी अमित मान ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की गंभीरता से जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


