n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : दादरी स्थित ग्राम नगला चमरू में UTL पावर कंपनी की बस द्वारा दो छात्रों पर कथित जानलेवा हमला किए जाने के विरोध में बुधवार को करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश पांडे को सौंपा गया। संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि घटना में घायल हुए छात्र मोहित भाटी और अभिषेक को उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर UTL पावर कंपनी में रोजगार दिए जाने की मांग की गई है। साथ ही कंपनी के CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) फंड के उपयोग में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग उठाई गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिला और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा। प्रदर्शन में बलराज हूण, धर्मेंद्र भाटी, आकाश नागर, सोनू भाटी, डॉ. अजय भाटी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।


