n NBT न्यूज़, ग्रेटर नोएडा
आम्रपाली गोल्फ होम्स एंड किंग्स वुड सोसायटी में सोमवार रात लाल रंग की एक तेज रफ्तार कार सवारों ने जमकर उत्पात मचाया। सोसायटी के मार्केट एरिया में पोलो कार सवार दो-तीन युवकों और एक युवती ने खतरनाक स्टंट किए। इस दौरान उन्होंने तेज रफ्तार कार को मार्केट में कई बार घुमाया और वहां से गुजर रही एक कैब में टक्कर मार दी।
विरोध करने पर कार सवारों ने कैब चालक के साथ सरेआम मारपीट और धक्का-मुक्की की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्केट एरिया में बाहरी लोगों और अराजक तत्वों का आना-जाना बढ़ गया है, जिससे महिलाएं और लड़कियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद कार सवार वारदात कर आसानी से फरार हो गए। निवासियों ने पुलिस और प्रबंधन से बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती बरतने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

