n NBT रिपोर्ट, खांडसा रोड
बरसाती पानी की निकासी के लिए खांडसा रोड से बेरीवाला बाग की ओर दो साल पहले बनी ड्रेन को अब कनेक्ट किया जाएगा। अब तक इस ड्रेन की दोनों ओर कनेक्टिविटी नहीं थी। नगर निगम के इस कारनामे को लेकर NBT ने दो दिन पहले ही ‘ड्रेन का कनेक्शन है नहीं, दे दिया सफाई का कॉन्टैक्ट’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और जोन के एक्जिक्यूटिव इंजीनियर से रिपोर्ट मांगी गई। इस पर अधिकारियों ने 10 दिन का समय इस ड्रेन का दोनों तरफ कनेक्शन करने के लिए मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि इस काम को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि लोगों को इस बार मॉनसून के दौरान जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।
दो साल पहले निगम ने बनवाई गई थी ड्रेन
खांडसा रोड से बेरी वाला बाग की ओर बरसाती पानी की निकासी के लिए दो साल पहले एक ड्रेन नगर निगम की ओर से बनाई गई थी। ठेकेदार ने इस ड्रेन को बनाकर बिना मिट्टी को लेवल किए ही छोड़ दिया था। जिससे 20 फीट से अधिक चौड़ी रोड 10 फीट की रह गई थी। इसको न तो रिपेयर किया गया और न ही इसका लेवल किया गया। इतना ही नहीं इस ड्रेन के निर्माण की पेमेंट लेकर ठेकेदार चलता बना, लेकिन न तो नगर निगम ने और न ही ठेकेदार ने इस ड्रेन का दोनों ओर कनेक्शन करवाया।
इस सड़क से स्कूली बच्चों की आवाजाही
इस रोड पर तीन स्कूलों के अलावा शिवाजी नगर, खांडसा रोड, शांति नगर और ओम नगर का एरिया है। जहां हजारों लोग रहते हैं। बरसाती पानी की निकासी के लिए यह ड्रेन बनाई गई थी। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी इस ड्रेन का स्थानीय लोगों को कोई फायदा नहीं हुआ। पिछले साल भी यहां बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा था। इस बार भी मॉनसून सिर पर है और अब तक इसकी सुध नहीं ली गई थी।

