n NBT न्यूज, गुड़गांव
द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बने सेक्टर-84 से 114 तक में हाईराइज सोसायटियां, कॉलोनियां और करीब 45 गांव बसे हुए हैं। लेकिन अब भी सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम मजबूत नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई क्षेत्रों में अभी तक सीवर लाइन पूरी तरह नहीं पहुंची है। इसके चलते बड़ी मात्रा में गंदा पानी खुले नालों, खाली प्लॉटों और खेतों में बहाया जा रहा है। यह पानी आगे चलकर नजफगढ़ नाले में पहुंचता है, जिससे प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। जानकारी के अनुसार बिना उपचारित सीवेज के कारण भूजल, मिट्टी और कृषि क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। कई किसान मजबूरी में इसी दूषित पानी से सिंचाई कर रहे हैं, जिससे फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर असर पड़ रहा है। प्रदूषित पानी से उगाई गई सब्जियां और अनाज लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकते हैं।

