n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: पटौदी क्षेत्र के गांव हाजीपुर के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। ग्रामीणों को अब आधुनिक खेल मैदान की सौगात मिलने जा रही है। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन (HSIIDC) ने गांव के खेल मैदान के सुधार और नवीनीकरण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। करीब 41.70 लाख रुपये की लागत से मैदान का कायाकल्प किया जाएगा। वर्तमान में मैदान की स्थिति खराब होने से खिलाड़ियों को अभ्यास में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में मैदान में पानी भर जाने से खेल गतिविधियां प्रभावित हो जाती थीं। योजना के तहत मैदान में मिट्टी भरकर उसे समतल किया जाएगा। इसके साथ ही यहां नया रनिंग ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इसका फायदा ऐथलेटिक्स के खिलाड़ियों के साथ-साथ सेना, पुलिस और अन्य प्रतियोगी भर्तियों की तैयारी कर रहे युवाओं को भी मिलेगा। खेल मैदान में रीचार्ज पिट के निर्माण का भी प्रावधान है, जिससे वर्षा जल जमीन में समा सकेगा और भूजल स्तर सुधारने में मदद मिलेगी।

