पक्का पुल से सीतापुर रोड तक 15 मीटर चौड़ी होगी बंधा रोड

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ में लाखों लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। पक्का पुल से सीतापुर रोड तक जाने वाली बंधा रोड को 15 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने काम शुरू करा दिया है। दिसंबर तक काम पूरा होने की उम्मीद है। इससे खदरा, फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों की आबादी को फायदा होगा।

bandha road to be 15 meters wide millions to get relief from traffic jams development works inspected

nNBT न्यूज, लखनऊ : खदरा और फैजुल्लागंज समेत कई बड़े इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। पक्का पुल से सीतापुर रोड तक जाने वाली 3.37 किलोमीटर लंबी बंधा रोड को अब 15 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 38 करोड़ रुपये की लागत से मौके पर काम भी शुरू करा दिया है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को इस ड्रीम प्रॉजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण किया और अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि दिसंबर तक हर हाल में काम पूरा करा लिया जाए ताकि सड़क पर वाहन फर्राटा भर सकें।

अभी महज 5 मीटर चौड़ी है सड़क : एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि पक्का पुल से प्रियदर्शिनी योजना होते हुए सीतापुर रोड को जोड़ने वाली यह बंधा रोड वर्तमान में केवल 5 मीटर चौड़ी है। संकरी सड़क होने के कारण यहां वाहनों का भारी दबाव रहता है और पीक आवर्स में लंबा जाम लग जाता है। समस्या को देखते हुए सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने के लिए मौके पर मिट्टी भराई का काम युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है। रोड चौड़ा होने से खदरा, मदेयगंज, फैजुल्लागंज और प्रियदर्शिनी योजना समेत आसपास की लगभग 10 लाख की आबादी का सफर बेहद आसान हो जाएगा। वीसी के निर्देश पर अलीगंज स्थित एलडीए स्टेडियम में स्विमिंग पूल, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट और नया बास्केटबॉल कोर्ट बनाया जाएगा। इसके अलावा स्टेडियम में काफी समय से बंद पड़े जिम को भी हाईटेक सुविधाओं के साथ री-डिजाइन कर जल्द ही दोबारा संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जानकीपुरम में कम्युनिटी सेंटर : जानकीपुरम के कुर्सी रोड पर सरगम अपार्टमेंट के पास खाली पड़ी करीब 14,800 वर्गमीटर की विशाल जमीन पर एक शानदार कम्युनिटी सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही यहां बड़े स्तर पर हॉर्टीकल्चर (बागवानी) का काम होगा। वीसी ने जानकीपुरम में मौर्या विहार से जानकी विहार कॉलोनी के बीच बन रहे 1600 मीटर लंबे आरसीसी (RCC) नाले के काम की भी प्रगति देखी। 3 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस नाले का काम पूरा होते ही इलाके के 2 लाख लोगों को जलभराव के पुराने दर्द से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।