n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सिपाही और समकक्ष पदों की सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा दूसरे दिन मंगलवार को अधिकांश जिलों में शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। दोनों पालियों में 76% अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। गोरखपुर के नीना थापा इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर बिहार निवासी राम प्रकाश नामक एक अभ्यर्थी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर मोबाइल सहित परीक्षा कक्ष तक पहुंच गया। राम प्रकाश जब परीक्षा केंद्र के गेट से अंदर घुसा, तो मेटल डिटेक्टर किसी धातु के होने का संकेत करने लगा। पुलिसकर्मियों की पूछताछ में उसने उन्हें झांसे लेकर कुछ समझा दिया। परीक्षा शुरू होने से पहले कक्ष निरीक्षक ने शक होने पर उसकी तलाशी ली गई, तो पैर में रस्सी से बंधा मोबाइल बरामद हुआ। इस मामले में जहां अभ्यर्थी के खिलाफ एम्स थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं, गेट पर चेकिंग के लिए तैनात तीन उपनिरीक्षकों और सात पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
भर्ती बोर्ड के अनुसार दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 9,62,833 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 7,32,731 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। यानी, दूसरे दिन परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 76.10 % रही। बोर्ड के मुताबिक, अधिकांश केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई। हालांकि, कुछ स्थानों पर नकल और अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामले सामने आए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई है।

