एलडीए ने पांच सदस्यों की समिति बनाई
15 दिनों के भीतर सौंपनी है जांच रिपोर्ट
NBT रिपोर्ट, लखनऊ : इकाना इंटरनैशनल क्रिकेट स्टेडियम और उससे जुड़ी स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना की जांच के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने कार्यवाही तेज कर दी हैं। एलडीए वीसी के निर्देश पर गठित पांच सदस्यीय समिति को 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। इसके लिए जल्द समिति की बैठक कर जांच शुरू कर दी जाएगी।
एलडीए वीसी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, इकाना स्टेडियम के संचालन, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं और अनुबंध की शर्तों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। इसी उद्देश्य से एक समिति बनाई गई है। समिति में अभियंत्रण जोन-1 के अधिशासी अभियंता को सदस्य सचिव और संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि समिति की बैठक कराने का प्रस्ताव मंगलवार का है, जिसके तहत बैठक कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार, समिति स्टेडियम और उससे जुड़ी परियोजना का मौके पर निरीक्षण करेगी। जांच में यह देखा जाएगा कि रखरखाव, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं तय मानकों के अनुसार संचालित हो रही हैं या नहीं। साथ ही कंसेशन एग्रीमेंट (अनुबंध) की शर्तों का पालन भी परखा जाएगा। एलडीए वीसी ने समिति को 15 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद एलडीए आगे की कार्रवाई तय करेगा। अधिकारियों को इस काम को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। एलडीए की इस पहल को इकाना स्टेडियम परियोजना की व्यवस्थाओं और जवाबदेही की समीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।

