n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-46
दिल्ली के होटल में भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले सीए विवेक के पिता राधेश्याम अग्रवाल ने भी मंगलवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में सीए विवेक, उनकी पत्नी तर्जनी, दो बेटियों व तीन रिश्तेदारों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। सांस लेने में तकलीफ के कारण राधेश्याम अस्पताल में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों की मौत होने के बाद विवेक के चचेरे भाई अस्पताल में राधेश्याम की देखरेख कर रहे थे। उनके परिवार के सदस्य विवेक के घर ही ठहरे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, राधेश्याम को अंतिम समय तक पता नहीं था कि ऐसे हादसे में उनका परिवार खत्म हो चुका है। वह परिवार का इंतजार करते रहे और अब उनकी सांसें टूट गईं। हॉस्पिटल में औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोपहर 3 बजे राधेश्याम अग्रवाल का शव दिल्ली से उनके गुड़गांव सेक्टर-46 स्थित आवास पर लाया गया। सेक्टर-32 के मोक्षधाम में भाई ने राधेश्याम को मुखाग्नि दी। इस दौरान हर किसी की आंख नम हो गई।

