करोड़ों का सपना दिखा ठगे सवा "15 लाख, गोल्ड लोन तक दिलवा दिया

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा में एक महिला से साइबर ठगों ने 15 लाख से अधिक की ठगी की। ठगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर महिला को झांसा दिया। महिला को भारी मुनाफा दिखाने के बाद कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई। दबाव में आकर महिला ने गहने गिरवी रखकर गोल्ड लोन भी ले लिया।

scammers showed a dream of crores and cheated a woman of 15 lakhs also got gold loan

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

शातिर साइबर जालसाजों ने खुद को विशेषज्ञ बताकर एक महिला से 15.39 लाख रुपये की ठगी कर ली। हद तो तब हो गई जब ठगों ने महिला पर कानूनी कार्रवाई का दबाव बनाकर उससे गहने गिरवी रखवाकर गोल्ड लोन तक ले लिया। नोएडा के साइबर क्राइम थाने में पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-63 की छोटपुर कॉलोनी निवासी पुष्पलता कुमारी ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2025 में उन्हें एक अनजान नंबर से मैसेज आया। बातचीत के बाद उन्हें रिलायंस एलीट सर्कल नाम के एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में प्रोफेसर राकेश जैन और उनकी सहायक अद्विका शर्मा द्वारा निवेश की ट्रेनिंग और टिप्स दिए जाने लगे। शुरुआत में पीड़िता को कुछ छोटे निवेशों पर अच्छा रिटर्न दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा जीत लिया गया। पुष्पलता कुमारी ने झांसे में आकर एक फर्जी वेबसाइट के जरिए 10 लाख रुपये निवेश किए, जिस पर डिजिटल मुनाफा बढ़कर कुल 19.32 लाख रुपये दिखने लगा। इसी बीच ठगों ने ओसवाल पंप्स लिमिटेड के आईपीओ (IPO) में महिला के नाम पर उसकी सहमति के बिना 12,240 शेयर आवंटित कर दिए, जिनकी कीमत 44 लाख 67 हजार 600 रुपये थी। जब पुष्पलता ने इतनी बड़ी रकम चुकाने में असमर्थता जताई, तो ठगों ने अपना असली रंग दिखाया। उन्होंने महिला का बैंक खाता फ्रीज करने और डिजिटल अरेस्ट जैसी कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर उसे बुरी तरह डरा दिया।