n NBT न्यूज, वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। योगी ने कहा कि हर बेटी का सम्मान होना चाहिए। हम तो उस संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी और गांव की बहन सबकी बहन होती है। किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने आजमगढ़ के सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में 955 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज भी कसा। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव दूसरों को उपदेश देते हैं तो अपने चेले-चपाटों को भी उपदेश दें कि अपनी भाषा पर संयम रखें। टिप्पणी करने से पहले खुद भी सोच लिया करें। उन्हें बहन-बेटियों, दिवंगत लोगों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले कार्यकर्ताओं को समझाना चाहिए। अगर नहीं समझते हैं तो हमारे हवाले कर दीजिए। हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे।




