सिपाही और दरोगा चलारहे थे लुटेरों का गिरोह

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ में एक सिपाही और सीआरपीएफ दरोगा ठगों का गिरोह चला रहे थे। वे लोगों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर सुनसान जगह बुलाते और लूट लेते थे। पुलिस ने एक लूट केस की जांच में इस गिरोह का पर्दाफाश किया। सिपाही पूरन सिंह समेत चार गिरफ्तार हुए हैं।

constable and sub inspector were running a gang of robbers used to commit crimes by luring people with double money

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ

चिनहट की कमता चौकी पर तैनात सिपाही और CRPF का एक दरोगा मिलकर ठगों और लुटेरों का गिरोह चला रहे थे। ये रुपये दोगुना करने का लालच देकर लोगों को फंसाते, फिर उन्हें सुनसान जगह बुलाकर लूट लेते। एक लूट केस की जांच में पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ कर सिपाही पूरन सिंह समेत चार को गिरफ्तार किया है। सिपाही को सस्पेंड कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। पुलिस अब CRPF के दरोगा जयप्रकाश, उसके साथी आनंद दुबे व अन्य सदस्यों को तलाश रही है।

डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रभाकर सिंह ने 11 जून को चिनहट कोतवाली में FIR दर्ज करवाई थी। इसके मुताबिक, उनके भाई दिवाकर सिंह और दोस्त अनूप शुक्ला का परिचय CRPF के दरोगा जयप्रकाश यादव से था। उसने एक कंपनी में निवेश पर रकम दोगुनी होने का लालच दिया और दोनों को पांच लाख रुपये के साथ चिनहट बुलाया। वहां जय प्रकाश और उसके साथियों ने दोनों को अगवा कर रकम लूट ली थी।

जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर सिपाही पूरन सिंह, गोरखपुर निवासी जावेद हुसैन व आसिफ और संतकबीरनगर निवासी प्रवेश त्रिपाठी को दबोचा। उनके पास से 1.25 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो कार बरामद हुई हैं। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि राजस्थान निवासी पूरन सिंह यूपी पुलिस में सिपाही है और कमता चौकी में तैनात है। पूरन और जयप्रकाश ही मिलकर गिरोह चला रहे थे।