राम मंदिर चढ़ावा विवाद की जांच को SIT बनी

नवभारतटाइम्स.कॉम

राम मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये की कथित चोरी के आरोपों के बाद सरकार ने तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जांच का अनुरोध किया था। एसआईटी में लखनऊ मंडलायुक्त, आईजी रेंज और वित्त विभाग के विशेष सचिव शामिल हैं। यह मामला सात जून से सुर्खियों में है।

ram mandir donation dispute sit formed to investigate alleged theft of crores

n टीम NBT, लखनऊ/अयोध्या

राम मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये की कथित चोरी के आरोपों के बीच शासन ने तीन सदस्यीय SIT गठित कर दी है। राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मामले की जांच के लिए SIT के गठन का अनुरोध किया था।

SIT में लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत (IAS), आईजी रेंज किरन एस (IPS) और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। यह मामला 7 जून से सुर्खियों में है, जिसके तहत मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की रकम में चोरी और गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। शुरू में ट्रस्ट ने खुद जांच समिति बनाने की बात कही थी, लेकिन जांच समिति पर सवाल उठने और बदनामी बढ़ने के बाद ट्रस्ट ने यू-टर्न लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ से SIT जांच की मांग कर दी।

अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को सरकार का पक्ष रखते हुए कहा था कि जांच की जिम्मेदारी ट्रस्ट की है और सरकार तभी कदम उठाएगी, जब ट्रस्ट इसकी मांग करेगा। इसके बाद सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट पदाधिकारियों की एक टीम ने सीएम से मुलाकात कर SIT जांच की मांग रखी थी। इससे पहले किसी रिटायर्ड जज से जांच करवाने की भी चर्चा थी, लेकिन मामला अब आंतरिक जांच से आगे बढ़कर आपराधिक और निष्पक्ष जांच की मांग तक पहुंच गया है।