थाईलैंड से मंगाकर छात्रों को ओजी गांजा बेचते थे, 4 गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम
4 arrested for smuggling og cannabis from thailand and selling to students
n NBT न्यूज, ग्रेनो : एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.65 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला ओजी (विदेशी) गांजा, दो लग्जरी एसयूवी (थार और स्कॉर्पियो) और 4 लाख रुपये बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में बताई जा रही है।

डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रणय पुष्प (21), युवराज चौधरी (21), शशांक शाही (19) और रोहन चौधरी (20) के रूप में हुई है। यह गिरोह विशेष रूप से नॉलेज पार्क स्थित यूनिवर्सिटी और कॉलेजों के छात्रों को निशाना बनाता था। आरोपी शशांक के कुछ रिश्तेदार थाईलैंड में रहते हैं, जिनके जरिए यह प्रतिबंधित ओजी गांजा भारत मंगाया जाता था। आरोपी ग्रेटर नोएडा की केंद्रीय विहार कॉलोनी में किराए का फ्लैट लेकर इस तस्करी नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।