E rickshaw Drivers Suspicious Death In Rajiv Chowk Underpass Family Suspects Murder
अंडरपास में जख्मी मिले शख्स की मौत, परिवार बोला-हत्या हुई
Contributed by: Akhil.Saxena1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, राजीव चौक
शहर के राजीव चौक अंडरपास में संदिग्ध हालात में मिले ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। घटनास्थल पर किसी हादसे के सबूत न मिलने के कारण पुलिस के लिए मामला पहेली बन गया है। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम 4 बजे भीम नगर निवासी लवली ई-रिक्शा में सामान लादकर सोहना की तरफ जा रहा था। अंडरपास के भीतर वह अचानक लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गया। हैरत है कि ई-रिक्शा सही हालत में सड़क पर खड़ा था। किसी राहगीर ने उसे देखकर पुलिस को सूचित किया। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। बताया जा रहा है कि लवली भीम नगर में अपनी पत्नी, माता-पिता और बहन के साथ रहता था। वह परिवार में इकलौता कमाने वाला था। परिजनों का आरोप है कि यह कोई सड़क हादसा नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। उनका कहना है कि कोई दुर्घटना होती तो ई-रिक्शा को भी नुकसान पहुंचता। परिवार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।