Faridabad 75 Lakh Scam In The Name Of Sewer Cleaning Water Filled Streets Due To Compressor Work
सीवर की बकेट मशीन से नहीं कंप्रेशर से कर दी सफाई, गलियों में भरा पानी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
वाॅर्ड-6 में सीवर सफाई के नाम पर साढ़े सात लाख रुपये के गोलमाल का मामले सामने आया है। बकेट मशीन से सीवर की साफ सफाई करनी थी, लेकिन कंप्रेशर से मैनहोल की सफाई की गई। इसके बाद सीवर ओवरफ्लो होने से लोग परेशान हो गए। इसकी जांच ईएक्सईएन सतपाल सिंह को सौंपी गई है। इस मामले में आरटीआई एक्टिविस्ट की ओर से नगर निगम के एसई ओमबीर सिंह को शिकायत दी गई थी। राम सिंह ने शिकायत में कहा है कि बकेट मशीन के द्वारा पूरे सीवर लाइन की सफाई की जानी थी। इसके लिए जो टेंडर निकाला गया था, उसमें भी बकेट मशीन इस्तेमाल करने की बात कही गई थी। ठेकेदार ने कंप्रेसर से मैनहोल की सफाई की, इसके कुछ दिन बाद ही स्थिति खराब हो गई। अब वाॅर्ड की गलियों में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। वाॅर्ड-6 की 12 से अधिक गलियों में सीवर जाम की समस्या है। ओवरफ्लो होकर गंदा पानी लोगों के घरों में पहुंच जाता है। निगम की ओर से वाॅर्ड-6 की बाल कल्याण पॉकेट में सीवर सफाई का काम शुरू करवाया गया था। आरोप है कि शुरुआत में एक-दो गलियों में बकेट मशीन लगवाई। इसके बाद कंप्रेसर से मैनहोल की सफाई की गई। जो लाइन जाम थी, उसकी सफाई नहीं हो पाई। ऐसा करीब 12 गलियों में किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार ठेकेदार की ओर से बकेट मशीन का साढ़े सात लाख रुपये का बिल लगाया गया था।