‘सीवर लाइन डालने को खोदी सड़क, काम होने के बाद नहीं की मरम्मत’

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad public troubled due to non repair of road after sewer line fear of accidents
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सेक्टर 7-ई वेस्ट में लोगों को बदहाल सड़क के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा था, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इस कारण लोगों को आवागमन करने में परेशानी हो रही है। बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ फैल गया है, जिससे दो पहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। लोग शिकायत कर समाधान की मांग कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि यहां मकान नंबर 1581 से 1595 तक की सड़क में सीवर लाइन डालने का काम पिछले एक-डेढ़ महीने से चल रहा था, जो पूरा हो चुका है। सीवर लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद पूरी सड़क खुदी हुई छोड़ दी है, जिसके कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश आने से हालत और बदतर हो गए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश से सड़क पर कीचड़ हो गया है। अब माॅनसून भी आने वाला है, जिससे स्थिति और बदहाल हो सकती है। कीचड़ फैलने से स्कूटी और बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

शिवा वेलफेयर असोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि नगर निगम में इस समस्या की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। इसके बाद पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को पत्र लिखकर इस समस्या के समाधान की मांग की है। पत्र में सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने को कहा गया है। असोसिएशन का कहना है कि नगर निगम की उदासीनता के कारण समस्या बनी हुई है। इस संबंध में एसई ओमवीर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।