गोमती में अवैध खनन मामले में सिंचाई विभाग के जेई निलंबित

नवभारतटाइम्स.कॉम
illegal mining in gomti irrigation departments je shailesh kumar verma suspended accused of collusion with mining mafia
nNBT न्यूज, चिनहट : देवरिया गांव के पास गोमती नदी के किनारे हुए अवैध खनन के मामले में सिंचाई विभाग के जेई शैलेश कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया गया है। उन पर खनन माफियाओं से मिलीभगत और विभागीय जिम्मेदारियों में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप हैं। जांच रिपोर्ट में उनकी संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने यह कार्रवाई की है।

गोमती के तटीय क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायत पर एडीएम सिटी एमपी सिंह और एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया था। मौके पर अधिकारियों को अवैध खनन के पुख्ता प्रमाण मिले, जिसके बाद डीएम समेत संबंधित अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि जांच में जेई की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। यह भी सामने आया कि मामले के तूल पकड़ने पर जेई ने खुद को बचाने के लिए बीबीडी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। हालांकि उच्चस्तरीय जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि क्षेत्र में सक्रिय खनन माफियाओं को उनका संरक्षण प्राप्त था और उनकी मिलीभगत से नदी के स्वरूप व पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा था।