ट्रेड डील पर आज गोयल और अमेरिकी प्रतिनिधि की बात, टैरिफ सीलिंग पर ज़ोर

नवभारतटाइम्स.कॉम
ट्रेड डील पर आज गोयल और अमेरिकी प्रतिनिधि की बात, टैरिफ सीलिंग पर ज़ोर
Akhilesh.Singh1@timesofindia.com

nनई दिल्ली: अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते की '99%' चीजें तय होने के बाद इस हफ्ते उच्च स्तरीय बातचीत में भारत का जोर इस पर रहेगा कि टैरिफ के मामले में बांग्लादेश और वियतनाम जैसे एशियाई प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले बेहतर स्थिति में रहा जाए। साथ ही, करार के बाद टैरिफ किसी भी तरह बढ़ाया न जाए। अमेरिका के ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जेमिसन ग्रीयर मंगलवार और बुधवार के अपने भारतीय दौरे में कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिनिस्टर पीयूष गोयल से बात करेंगे।
यह व्यापार वार्ता दो मायनों में अहम है। ट्रंप का जवाबी टैरिफ वहां के सुप्रीम कोर्ट से खारिज होने के बाद अमेरिकी प्रशासन ने सभी देशों पर 10% टैरिफ लगाया था। इसकी अवधि 24 जुलाई को पूरी हो रही है। दूसरा पहलू सेक्शन 301 का है। इसके तहत अमेरिका ने भारत सहित कई देशों पर बंधुआ मजदूरी वाले देशों से आयात न रोक पाने और जरूरत से अधिक उत्पादन क्षमता होने का दावा करते हुए अपने व्यापार हितों को नुकसान पहुंचने और 12.5% टैरिफ लगाने की बात कही है।

गोयल ने कहा, 'हम यह देख रहे हैं कि अमेरिका हमें किस तरह कॉम्पिटीटिव एडवांटेज देगा, जिससे हमारे निर्यातकों को फायदा हो। हमें प्रसन्नता होगी, अगर डील 24 जुलाई से पहले हो जाए।' उन्होंने कहा, 'हर ट्रेड डील में हमने किसानों, मछुआरों और निर्यातकों के हितों का ध्यान रखा है। कुछ चीजों पर हम पीछे नहीं हटेंगे।' वहीं, ग्रीयर के ऑफिस ने कहा कि बातचीत का उद्देश्य 'निष्पक्ष, संतुलित और परस्पर लाभप्रद व्यापार बढ़ाना' देना है।

एक सीनियर अधिकारी ने कहा, '301 के जरिए अमेरिका दबाव बनाना चाहता है। इस वार्ता में हमारा जोर इस पर होगा कि बांग्लादेश, वियतनाम और पाकिस्तान जैसे प्रतिद्वंद्वी देशों के मुकाबले हम पर कम टैरिफ हो और समझौते के बाद किसी भी तरीके से भारत पर टैरिफ न बढ़ाया जाएगा।' इसी महीने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि अंतरिम समझौते की '99% चीजें फाइनल हो चुकी हैं।'