Meta Invests 8550 Crore In Cred Big Bet In Fintech Kunal Shahs New Role
Cred में "8,550 करोड़ लगाएगी Meta
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, मुंबई
फिनटेक कंपनी Cred, Meta की अगुआई वाले एक नए राउंड में 8,550 करोड़ रुपये (लगभग 900 मिलियन डॉलर) जुटाएगी। यह किसी भारतीय फिनटेक स्टार्टअप के लिए सबसे बड़े फाइनैंसिंग सौदों में से एक होगा। प्राइमरी और सेकेंडरी शेयर खरीद के जरिए होने वाले इस राउंड के बाद, कुणाल शाह की शुरू की गई इस कंपनी का वैल्यूएशन 43,239 करोड़ रुपये (लगभग 4.5 बिलियन डॉलर) हो जाएगा। यह फंडरेजिंग क्रेड (Cred) के पिछले राउंड से काफी अलग है। ET ने पिछले साल जून में रिपोर्ट दी थी कि क्रेड ने GIC और दूसरे मौजूदा निवेशकों से $3.5 बिलियन के वैल्यूएशन पर ₹617 करोड़ जुटाए थे। यह 2022 में जुटाए गए $6.4 बिलियन के वैल्यूएशन से 45% कम था।Cred ने कहा कि Meta एक माइनॉरिटी इन्वेस्टर के तौर पर कंपनी के कैप टेबल में शामिल होगी और उसे कंपनी के कस्टमर की जानकारी का एक्सेस नहीं मिलेगा। इस डील के तहत, शाह चीफ इग्जेक्यूटिव के तौर पर अपनी ऑपरेटिंग भूमिका छोड़ देंगे और मेटा की ग्लोबल लीडरशिप टीम में शामिल हो जाएंगे, जबकि क्रेड में उनकी अपनी हिस्सेदारी बनी रहेगी। मिटेन संपत, जो 2020 से क्रेड में स्ट्रैटजी और फाइनैंस का काम संभाल रहे हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से क्रेड का अंतरिम CEO नियुक्त किया गया है। कंपनी ने कहा कि उसका बोर्ड और लीडरशिप टीम भविष्य में होने वाले IPO के लिए जरूरी स्ट्रक्चर पर काम कर रहे हैं। इस बीच, विल कैथकार्ट (Will Cathcart) ने घोषणा की कि वे लगभग सात साल तक वट्सऐप के हेड रहने के बाद इस पद से हट रहे हैं।
क्यों लिया गया कुणाल को?: मेटा के अनुसार, कुणाल शाह को इस बात की अच्छी समझ है कि लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में WhatsApp का इस्तेमाल कैसे करते हैं, साथ ही उनके पास कंपनी के बाहर का एक नया नजरिया भी है। भारत, जो WhatsApp का सबसे बड़ा मार्केट है, बिजनेस मेसेजिंग और पेमेंट के लिए भी ऐप के सबसे अहम मार्केट में से एक बन गया है। इस नियुक्ति की घोषणा करते हुए, मेटा के CEO मार्क जकरबर्ग ने एक एंटरप्रेन्योर के तौर पर शाह के ट्रैक रेकॉर्ड की तारीफ की है।
क्रेड और कुणाल का सफर: कंप्यूटर साइंस और AI के दौर में फिलॉस्फी ग्रैजुएट और बिजनेस कोर्स ड्रॉपआउट कुणाल की कहानी दिलचस्प है। वह BCCL टाइम्स ग्रुप बोर्ड के एडवाइजर भी रहे हैं। 2018 में उनके द्वारा शुरू हुई CRED ने शुरुआत में उन यूजर्स को इनाम देने पर ध्यान दिया जो समय पर अपने क्रेडिट कार्ड का बिल भरते थे। तब से यह पेमेंट, लोन, इंश्योरेंस, वेल्थ मैनेजमेंट और लाइफ़स्टाइल प्रोडक्ट्स जैसी कई तरह की फाइनैंशल सर्विसेज देने वाला प्लैटफॉर्म बन गया है। कंपनी ने बताया कि उसके 1.7 करोड़ मंथली मेंबर्स हैं और वह भारत में क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट का 40% से ज्यादा प्रोसेस करती है। पार्टनर फाइनैंशल इंस्टीट्यूशंस के लिए इसके लेंडिंग बिजनेस का मैनेज्ड असेट 24,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। FY25 के लिए, Cred ने 2,735 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू बताया, जो पिछले साल के मुकाबले 16% ज्यादा है, जबकि ऑपरेटिंग लॉस कम होकर 298 करोड़ रुपये रह गया। साल के दौरान कुल लॉस 1,457 करोड़ रुपये रहा।