तीन नवजातों को नहीं मिला वेंटिलेटर, दिल्ली किया रेफर

नवभारतटाइम्स.कॉम
three newborns didnt get ventilator referred to delhi questions raised on government hospital facilities
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : शहर के एक निजी अस्पताल में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। नवजातों की हालत नाजुक होने पर उन्हें ऑक्सिजन सपोर्ट की जरूरत पड़ी। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में पर्याप्त ऑक्सिजन और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने पर सोमवार को बच्चों को बीके नागरिक अस्पताल लाया गया। परिजनों के अनुसार, बीके पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवजातों की जांच की, लेकिन अस्पताल में वेंटिलेटर उपलब्ध न होने के कारण उन्हें तत्काल दिल्ली के एक बड़े सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि तीनों नवजात को वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता है। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बिना देरी किए उन्हें दिल्ली भेजने का निर्णय लिया। घटना के बाद एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में नवजात शिशुओं के लिए पर्याप्त वेंटिलेटर और आईसीयू सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर ही सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होतीं तो बच्चों को दूसरे शहर में ले जाने की नौबत नहीं आती। बीके अस्पताल प्रशासन का कहना है कि गंभीर मरीजों को उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्राथमिक उपचार दिया जाता है। जिन मामलों में विशेष या उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता होती है, उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जाता है ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। फिलहाल तीनों नवजातों का दिल्ली के अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।