Uncontrolled Dumper Jumper Helper Clothes Got Stuck And Life Lost Horrific Road Accident In Gwal Pahari
बेकाबू डंपर से कूदा हेल्पर, कपड़े फंसे तो गई जान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, ग्वाल पहाड़ी
शहर के ग्वाल पहाड़ी चौकी एरिया में पारस सोसायटी के पास रविवार शाम भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। रोड़ी-बजरी से लदा तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित हो गया। जान बचाने के लिए डरे हेल्पर शनि ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, लेकिन इसी बीच उसके कपड़े ट्रॉले में ही फंस गए। इससे वह अपने ही वाहन के टायरों के नीचे आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। इसी बीच ट्रॉले ने दो कारों को टक्कर मार दी। इससे दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि कार सवारों को चोटें नहीं आईं। एक्सिडेंट के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 25 वर्षीय शनि यादव कानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। शनि यादव फरीदाबाद के पाली में एक ट्रक पर बतौर हेल्पर काम करता था। रविवार शाम सात बजे वह चालक विकास के साथ राजस्थान से रोड़ी-बजरी भरकर एसपीआर के रास्ते फरीदाबाद जा रहा था। ग्वाल पहाड़ी के घुमावदार रास्ते पर पारस सोसायटी के पास पहुंचते ही अत्यधिक रफ्तार होने के कारण ट्रॉला असंतुलित हो गया। अनियंत्रित वाहन देखकर केबिन में बैठा शनि घबरा गया और जान बचाने के लिए खिड़की खोलकर नीचे छलांग लगा दी। कपड़े फंसने के कारण वह डंपर के नीचे कुचला गया। हेल्पर को कुचलने के बाद भी अनियंत्रित डंपर नहीं रुका और उसने आगे चल रही वैगनआर और एक विंडसर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि गनीमत यह रही कि कारों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रॉले को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक विकास की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।