Water Crisis In Lucknow 9 Lakh People Thirsty Power Outage Is The Reason
9 लाख आबादी पानी को तरसी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ : विद्युत आपूर्ति बाधित होने से सोमवार को कठौता झील स्थित पंप, मोटर और अन्य उपकरण ठप हो गए, जिससे गोमती नगर, इंदिरा नगर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह की जलापूर्ति प्रभावित हो गई। झील के भूमिगत टैंक में पानी का भंडारण नहीं हो पाने से करीब नौ लाख की आबादी को भीषण गर्मी में पानी के संकट का सामना करना पड़ा। जलकल विभाग के इंजिनियरों के मुताबिक मंत्री आवास उपकेंद्र से आने वाली मुख्य लाइन में सुबह करीब 4:50 बजे पहला फॉल्ट आया, जिसे 6:30 बजे तक दुरुस्त कर लिया गया। इसके बाद वास्तुखंड स्थित रिंग मेन यूनिट (आरएमयू) में दूसरा फॉल्ट आ गया। लेसा कर्मियों के अनुसार बिजली आपूर्ति सुबह आठ बजे के बाद ही बहाल हो सकी।
बिजली आपूर्ति ठप रहने से पंप और मोटर नहीं चल सके, जिससे भूमिगत टैंक में पानी का भंडारण नहीं हो पाया। इसका असर गोमती नगर के विपुल खंड, विवेक खंड, विस्तार क्षेत्र, इंदिरा नगर के बी और सी ब्लॉक तथा पटेल नगर समेत कई इलाकों पर पड़ा। सुबह 9:30 बजे तक पानी नहीं पहुंचने से लोगों ने सोशल मीडिया समूहों पर शिकायतें दर्ज कराईं। जलकल विभाग के जोन-4 के एक्सईएन अमरेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत लाइन में फाल्ट के कारण पानी का भंडारण समय पर नहीं हो सका, जिससे सुबह नौ बजे तक जलापूर्ति प्रभावित रही।दीपक नगर में लगेगा नया नलकूप :
इंदिरा नगर के दीपक नगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से जल संकट बना हुआ है। सोमवार को जलकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और समस्या के स्थायी समाधान के लिए नए नलकूप का प्रस्ताव तैयार किया। एक्सईएन ओपी राम ने बताया कि एक-दो दिन में नया नलकूप चालू होने से सेक्टर-8 के देव नगर, दीपक नगर और आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति बेहतर होगी। पुराने नलकूप का जलस्तर नीचे चले जाने से संकट पैदा हुआ है।
जनेश्वर एनक्लेव में जल संकट : जानकीपुरम स्थित जनेश्वर एनक्लेव में भी पिछले तीन दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। अपार्टमेंट के भूमिगत टैंक खाली पड़े हैं और निवासियों को टैंकर मंगाकर काम चलाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने टंकी सफाई के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आरडब्ल्यूए सचिव एसपी मिश्रा ने बताया कि मिस कम्युनिकेशन की कमी के कारण जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई।