Accused Arrested For Selling Digital Wallets To Cybercriminals 68 Thousand Fraud Revealed
साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था डिजिटल वॉलेट, आरोपी गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
साइबर क्राइम थाना साउथ पुलिस टीम ने साइबर ठगों को डिजिटल वॉलेट उपलब्ध कराने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी संजीव रोहतक का है। आरोपी फिलहाल गाजियाबाद में रह रहा था। दरअसल, पुलिस को 25 फरवरी को शिकायत मिली थी। पीड़िता के अनुसार उन्हें टेलिग्राम के ग्रुप में जोड़ टास्क पूरा करने और मुनाफा कमाने का लालच दे निवेश कराया और 68 हजार 800 रुपये हड़प लिए। पुलिस टीम ने जांच करते हुए मंगलवार को आरोपी संजीव को दबोचा। पूछताछ में संजीव ने खुलासा किया कि उसने अपनी एक जानकार महिला का मोबाइल फोन लिया और उसकी जानकारी के बिना, धोखे से उसके नाम पर एक डिजिटल वॉलेट अकाउंट खोल लिया। इस वॉलेट को चालू करने के बाद संजीव ने टेलिग्राम के जरिए साइबर ठगों से संपर्क किया। संजीव ने पीड़ित महिला से ठगी गई रकम को ठिकाने लगाने के लिए वह वॉलेट साइबर अपराधियों को महज 10 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी संजीव से इस गिरोह के अन्य सदस्यों और मुख्य साइबर ठगों के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक ऐसे कितने वॉलेट और बैंक खाते साइबर अपराधियों को बेचे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।