Sector 37 Industrial Area To Face Waterlogging Again Industrialists Worried
‘सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया में फिर होगा जलभराव’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT रिपोर्ट, सेक्टर-37: मिलेनियम सिटी के प्रमुख इंडस्ट्रियल हब सेक्टर-37 के उद्यमियों को अब बारिश का डर सताने लगा है। उनका कहना है कि पिछले चार दशक से इस एरिया में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से निपटने को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। इस बार भी नगर निगम की ओर से कोई काम नहीं कराया गया है। इस बार भी बारिश के दौरान भारी जलभराव होगा।
उद्यमियों का कहना है कि ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की मांग पिछले कई साल से उठाई जा रही है। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उद्यमी सुरेंद्र सैनी का कहना है कि मॉनसून से पहले भी क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को लेकर कोई बड़ा सुधार कार्य नहीं हुआ है। पार्षद से लेकर अधिकारियों तक से आग्रह किया गया, इसके बावजूद अभी तक कोई काम नहीं हुआ। सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया में सैकड़ों इंडस्ट्रियल यूनिट्स संचालित हैं, जहां प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सवा लाख से अधिक लोग रोजगार से जुड़े हैं। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने से कर्मचारियों की आवाजाही प्रभावित होती है। माल ढुलाई में देरी, कच्चे माल की आपूर्ति में बाधा और तैयार उत्पाद के परिवहन में दिक्कतें उद्योगों की उत्पादकता पर सीधा असर डालती हैं। कई बार यूनिट्स के बाहर और अंदर तक पानी पहुंच जाता है। इसे लेकर प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी का कहना है कि वर्षा जल निकासी को लेकर सिस्टम बनाने की मांग गुड़गांव नगर निगम के अधिकारियों से की गई। अभी तक इस दिशा में कुछ भी नहीं हुआ।