7 और कोचिंग सेंटर सील दो दिन में 9 पर लगा ताला

नवभारतटाइम्स.कॉम
7 और कोचिंग सेंटर सील दो दिन में 9 पर लगा ताला
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

लखनऊ के कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के बाद गौतमबुद्ध नगर प्रशासन ने बुधवार को दूसरे दिन भी शहर के कोचिंग संस्थानों की जांच जारी रखी। इस दौरान बड़े स्तर पर अनियमितताएं मिलीं। बुधवार को हुई कार्रवाई में 7 कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि दो संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सेक्टर-16 व सेक्टर-18 क्षेत्र में 12 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया, सेक्टर-58, सेक्टर-62 में भी 6 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण और बाकी के ग्रेटर नोएडा के कोचिंग संस्थानों में अभियान चलाया गया। जांच के लिए बनाई गई स्पेशल टीम ने बुधवार को कुल 46 कोचिंग संस्थानों में अभियान चलाया।
गौतमबुद्ध नगर में संचालित कोचिंग संस्थानों की जांच के लिए जिला प्रशासन की तरफ से एक स्पेशल टीम बनाई गई है। इस टीम में सिटी मैजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) शामिल हैं। अब तक 9 कोचिंग संस्थानों को सील किया जा चुका है, जबकि 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि जांच के दौरान टीम कोचिंग संस्थानों में एक्जिट प्वाइंट, फायर फाइटर सिस्टम और पानी की व्यवस्था की चेकिंग करती है। बुधवार को दो कोचिंग में पानी प्रेशर और फायर फाइटर सिस्टम में गंभीर कमियां पाई गई। इसके बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है। वहीं मंगलवार के अभियान में 6 कोचिंग संस्थानों में कमियां मिली थीं।

15 दिन के अंदर खामियां ठीक नहीं तो रद्द होगा रजिस्ट्रेशन : अधिकारियों ने बताया कि दो दिन के अंदर 12 कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है। उन्हें 15 से 20 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। इन दिनों में व्यवस्था ठीक नहीं की जाती है तो जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से संस्थान का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया जाएगा।