Sector 52 Drinking Water Leakage Risk Of Contaminated Water Residents Distressed
सेक्टर-52 में पेयजल लाइन लीकेज से निवासी परेशान
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज़, सेक्टर-52
शहर के सेक्टर-52 में पेयजल लाइन में लगातार हो रही लीकेज से स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लंबे समय से पानी की लीकेज की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने नगर निगम गुड़गांव के अधिकारियों और स्थानीय पार्षद को शिकायत भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।निवासी सूरजमल यादव ने बताया की पेयजल लाइन से निकल रहा पानी दुर्गा मंदिर चौक के पास जमा हो जाता है। इस स्थान पर पेयजल लाइन का जंक्शन बॉक्स भी बना हुआ है, जिसके आसपास गड्ढा बन गया है। लोगों को आशंका है कि जमा हो रहा गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल सकता है, जिससे दूषित पानी की आपूर्ति होने का खतरा पैदा हो गया है। निवासियों का कहना है कि हाल ही में कई घरों में मिट्टी मिश्रित और गंदा पानी आने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इसके चलते क्षेत्रवासियों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि सेक्टर-52 में पार्क के पास एक स्थान पर काफी समय से पानी की लीकेज जारी है। वहां बिजली निगम का ट्रांसफार्मर भी रखा हुआ है, जिससे सुरक्षा संबंधी खतरे की आशंका भी बनी रहती है। निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निरीक्षण कराया जाए, लीकेज को स्थायी रूप से ठीक किया जाए और पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।