Bank Scam Congress Alleges Government Shielding Ias Officers Suspects Collusion In Rajya Sabha Elections
आरोपी IAS अफसरों को बचा रही सरकार : कांग्रेस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT न्यूज, चंडीगढ़
बैंक घोटाले में आईएएस अधिकारियों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर विपक्षी दल कांग्रेस आक्रामक हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी और पूर्व में तैनाती की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा और नूंह से विधायक आफताब अहमद ने दावा किया कि बैंक घोटाले की जांच में आरोपी आईएस अधिकारियों को सरकार बचा रही है। सरकार को पंकज अग्रवाल की कथित भूमिका की जानकारी पहले से थी, इसके बावजूद उन्हें राज्यसभा चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर (RO) नियुक्त किया गया। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए सरकार और पंकज अग्रवाल के बीच मिलीभगत थी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि 23 फरवरी को बैंक घोटाले से संबंधित FIR दर्ज हो चुकी थी, जबकि राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि सरकार ने एक ऐसे अधिकारी को रिटर्निंग ऑफिसर क्यों बनाया, जिसका नाम जांच के दायरे में था। अरोड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।