‘बारिश में जाम से बचाव के लिए तैयार करें वैकल्पिक रास्तों का खाका’

नवभारतटाइम्स.कॉम
prepare a blueprint of alternative routes to avoid traffic jams during rain dcp traffic
- डीसीपी ट्रैफिक ने सभी अधिकारियों को दिए निर्देश

NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
मॉनसून के दौरान शहर की रफ्तार न थमे और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने अभी से कमर कस ली है। डीसीपी प्रतीक गहलोत ने बुधवार को सभी एसीपी, ट्रैफिक इंस्पेक्टरों और जोनल अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने सड़क सुरक्षा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीसीपी ने कहा कि शहर के उन प्रमुख चौराहों, अंडरपासों और संवेदनशील मार्गों की पहले से मैपिंग कर लें, जहां जलभराव की सबसे अधिक संभावना रहती है। बारिश के दौरान जनता को जाम से बचाने के लिए अभी से वैकल्पिक रास्तों का खाका तैयार किया जाए। इसके अलावा, नगर निगम और संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बिठाया जाए ताकि जलभराव की स्थिति में तुरंत पानी की निकासी सुनिश्चित की जा सके। लेन ड्राइविंग के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर चेकिंग अभियान चलाए जाने और बिना नंबर प्लेट या बिना हाई सिक्यॉरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) के दौड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। NGT के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि शहर की सड़कों पर दौड़ रहे 10 साल से पुराने डीजल और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों को जब्त कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।