मॉनसून से पहले जलभराव वाली जगहों पर पहुंचे DC, नालों और सीवेज की सफाई करने के निर्देश

नवभारतटाइम्स.कॉम
dcs action before monsoon inspection of waterlogged areas instructions for cleaning drains and sewage
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

माॅनसून के दौरान जलभराव की समस्या के समाधान और सीवेज-ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से डीसी आयुष सिंहा ने बुधवार को एनएचपीसी अंडरपास, बड़खल फ्लाईओवर, ओल्ड अंडरपास, नीलम फ्लाईओवर, मुगल पुल और बुढ़िया नाला सहित विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन जगहों पर जल निकासी प्रबंधों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एफएमडीए, नगर निगम फरीदाबाद एवं एचएसवीपी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों को दिए निर्देश

एनएचपीसी अंडरपास का निरीक्षण करते हुए डीसी ने वहां जल निकासी की व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम और नालों की सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने बड़खल फ्लाईओवर, ओल्ड अंडरपास और नीलम फ्लाईओवर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से बरसात के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की। डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख नालों और सीवेज लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव न हो।

‘पंप ऑपरेटरों की ड्यूटी चौबीसों घंटे सुनिश्चित की जाए’ : इस दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि सभी अंडरपासों पर स्थापित पंपसेट्स की क्षमता की नियमित जांच की जाए, ताकि भारी वर्षा के दौरान जल निकासी का कार्य जारी रह सके। उन्होंने कहा कि माॅनसून अवधि में पंप ऑपरेटरों की चौबीसों घंटे ड्यूटी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान एफएमडीए चीफ इंजीनियर विषाल बंसल, एचएसवीपी एसई संदीप दहिया, ईएक्सईएन ओमदत्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।