बीके में जल्द शुरू होगी डेंटल इंप्लांट की सुविधा!

नवभारतटाइम्स.कॉम
dental implant facility to start soon in bk hospital patients to get relief
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

बीके अस्पताल में आने वाले दिनों में दंत चिकित्सा सेवाओं का दायरा और बढ़ सकता है। अस्पताल प्रबंधन ने दांतों के प्रत्यारोपण (डेंटल इंप्लांट) की सुविधा शुरू करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वास्थ्य निदेशालय को मंजूरी के लिए भेजा है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद फरीदाबाद के मरीजों को दांतों के प्रत्यारोपण के लिए निजी अस्पतालों के महंगे उपचार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वर्तमान में बीके अस्पताल के दंत विभाग में प्रतिदिन 60 से 70 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
यहां दांत निकालने, सफाई, रूट कैनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी), फिलिंग समेत कई सेवाएं मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना के तहत उपलब्ध हैं। इसके अलावा जबड़ों के एक्स-रे की सुविधा भी अस्पताल में मौजूद है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति की गई है और मरीजों को सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। निजी अस्पतालों में एक दांत के प्रत्यारोपण पर 25 से 30 हजार रुपये तक का खर्च आता है। ऐसे में सरकारी अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को कम खर्च में बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है।