Drunk Driver Creates Ruckus To Avoid Parking Fee Breaks Barrier And Crashes Suv Into Pit
पार्किंग शुल्क देने से बचने को दौड़ाई SUV, गड्ढे में गिरी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, एमजी रोड
इलाके के एक मॉल में मंगलवार देर रात एक ड्राइवर ने उत्पात मचाया। ड्राइवर के नशे में होने का आरोप है। मामूली पार्किंग शुल्क देने से बचने के लिए एक प्राइवेट सिक्युरिटी एजेंसी के ड्राइवर ने मॉल के सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की और बैरियर तोड़कर भागने के प्रयास में अपनी तेज रफ्तार बोलेरो को ड्रेन के गहरे गड्ढे में गिरा दिया। ड्राइवर को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है। घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। मॉल के मल्टीप्लेक्स में नाइट शो खत्म होने के बाद दर्शक बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान एक शख्स नशे में बोलेरो में एग्जिट गेट पर पहुंचा। तैनात पार्किंग स्टाफ ने शुल्क मांगा। आरोप है कि इस पर उसने गाली-गलौज की, विवाद बढ़ने पर आरोपी ड्राइवर ने पार्किंग कर्मियों और मॉल के सुरक्षा गार्ड्स के साथ हाथापाई की। इसके बाद उसने गुस्से में गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सीधे एग्जिट बैरियर को टक्कर मार दी। मॉल का बैरियर तोड़कर भागने के चक्कर में बोलेरो जैसे ही मुख्य सड़क पर आई, वह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खोदे गए एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। जोरदार आवाज के साथ गाड़ी के गड्ढे में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मॉल प्रबंधन की शिकायत पर एमजी रोड चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से बोलेरो को निकलवाया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फिलहाल कोई शिकायत नहीं मिली है। मॉल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।