‘गन कनेक्शन’ पर पुलिस का वार, इस साल तस्करी के 160 आरोपी पकड़े

नवभारतटाइम्स.कॉम
gun connection under police attack 160 smugglers arrested this year 94 weapons recovered
Akhil.Saxena1@timesofindia.com

n गुड़गांव : बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, अच्छे करियर विकल्प और उद्योग के लिए सुगमता से अपनी पहचान बनाने वाली मिलेनियम सिटी में अवैध हथियारों की सप्लाई जाल बढ़ रहा है। NCR सहित राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और मध्यप्रदेश से अवैध हथियार गुड़गांव में सप्लाई किए जा रहे हैं। वहीं, गुड़गांव पुलिस भी इन तस्करों के खिलाफ पूरी तरह से एक्शन मोड में है। पुलिस के हालिया आंकड़े देखें तो पुलिस की टीमों ने इस साल अब तक अवैध हथियार तस्करी के 97 मामले दर्ज कर 160 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 94 हथियार भी बरामद किए हैं। यानी औसतन हर महीने करीब 29 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा। हाल ही में क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने युवक के अवैध हथियार सहित पकड़े जाने की बाद की गई जांच में सप्लायरों तक पहुंच मध्यप्रदेश में चल रही फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ किया था। फैक्ट्री मध्यप्रदेश के धार जिले में चल रही थी। आरोपी जगत सिंह को गिरफ्तार किया था, जो 30 साल से अवैध हथियार बनाता था। ऑर्डर मिलने पर दूसरे राज्यों में हथियार सप्लाई करता था।
'हथियार चमकाया, तो सीधा जेल जाओगे' : पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि अवैध रूप से हथियार रखने वाले लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम हथियार सप्लाई कराने वालों का पता लगा उनतक भी पहुंच रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों और उन्हें रखने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई हुई है। खुफिया इनपुट, बॉर्डर पर सख्त चेकिंग और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए पुलिस इन अपराधियों तक पहुंच कार्रवाई की जा रही है।

किस साल कितनी कार्रवाई: आंकड़ो के अनुसार पुलिस की ओर से 2026 में अब तक 97 मामले दर्ज कर हथियार तस्करी के 160 आरोपी पकड़े गए। 2025 में 271 मामलों में 387 आरोपी पकड़े थे और 279 अवैध हथियार बरामद किए थे। वहीं, 2024 में पुलिस ने अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 110 केस दर्ज किए और 176 आरोपियों को गिरफ्तार कर 222 अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आने वाले समय में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी।