Palla sehatpur Road Work Incomplete For Four Years Vehicles Falling Into Drains Public Anger
पल्ला-सेहतपुर रोड का काम चार साल से अधूरा, नाले में गिर रहे वाहन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
2022 में विधायक फंड से लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत पल्ला-सेहतपुर रोड का निर्माण कार्य आज भी पूरा नहीं हो सका है। सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी के कारण स्थानीय लोगों और व्यापारियों में रोष है। लोगों को आने जाने में बेहद परेशानी होती है। आरोप है कि सड़क किनारे बने अधूरे नाले और निर्माण सामग्री के ढेर के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई वाहन नाले में गिर चुके हैं, जिससे लोगों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापारियों का कहना है कि इसका निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए।नई सड़क में भी आ रहीं दरारें, क्वाॅलिटी पर उठे सवाल
लोगों का कहना है कि राज्यमंत्री राजेश नागर के प्रयासों से रोड निर्माण का कार्य शुरू हुआ, बावजूद निगम अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के कारण काम पूरा नहीं हो पा रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि ठेकेदार सड़क के भराव में कचरा और मलबा इस्तेमाल कर रहा है, जिसके कारण नई बनी सड़क भी कई स्थानों से दरकने लगी है।