पोर्टल अपग्रेड, मिलेगा पेपरलेस रजिस्ट्री का फायदा

नवभारतटाइम्स.कॉम
paperless registry 20 land registry and mutation together now get big benefit
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सर्वर में दिक्कत के कारण काम प्रभावित होने की परेशानी से लोगों को राहत मिल गई। पोर्टल अपग्रेड होने के बाद जिले की तहसीलों में काम ट्रैक पर लौट आया है। प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 और ऑटो म्यूटेशन (इंतकाल) प्रणाली जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया में बड़ा बदलाव लेकर आई है। नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि अब रजिस्ट्री के साथ ही इंतकाल की प्रक्रिया खुद शुरू हो जाएगी। इससे लोगों को मालिकाना हक राजस्व रेकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए अलग से आवेदन करने या तहसीलों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
अब तक रजिस्ट्री और इंतकाल दो अलग-अलग प्रक्रियाएं थीं, जिसके कारण कई मामलों में रेकॉर्ड अपडेट होने में लंबा समय लग जाता था। नई प्रणाली में रजिस्ट्री के समय ही इंतकाल नंबर जारी कर दिया जाएगा। जिन मामलों में खेवट विभाजन की जरूरत नहीं होगी, उनमें 24 घंटे के भीतर इंतकाल स्वीकृत हो सकेगा, जबकि अन्य मामलों में भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। नई व्यवस्था का दूसरा बड़ा लाभ पारदर्शिता और सुरक्षा के रूप में सामने आएगा। आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिटल हस्ताक्षर और बायोमेट्रिक सत्यापन को अनिवार्य बनाए जाने से फर्जी पहचान और दस्तावेजों के आधार पर होने वाले लेनदेन पर रोक लगेगी